उन्नाव। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर निराला प्रेक्षागृह में महिला कल्याण विभाग उन्नाव द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं के सम्मान में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला अध्यक्ष अनुराग अवस्थी, सदर विधायक पंकज गुप्ता, नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता मिश्रा, जिला अध्यक्ष महिला मोर्चा साधना दीक्षित तथा अपर जिलाधिकारी सुशील कुमार गोंड ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम की शुरुआत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय सिकंदरपुर सरोसी की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत से हुई, जिसकी मनमोहक प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया।
इस अवसर पर समाज, प्रशासन, शिक्षा और खेल के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को शाल, प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी स्क्वाड्रन लीडर मधु मिश्रा, उप जिलाधिकारी हसनगंज प्रज्ञा पांडे, सामाजिक कार्यकर्ता मृदुला अस्थाना, खेलो इंडिया फुटबॉल खिलाड़ी उन्नति विश्वकर्मा तथा नेशनल एथलेटिक्स में प्रतिभाग कर चुकी खिलाड़ी प्रशिष्टि शामिल रहीं।
शिक्षण क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली शिक्षिकाओं में सारिका चतुर्वेदी, सुजाता गुप्ता, सोनू सिंह, एसआरजी रचना सिंह और मुसर्रत फातिमा को भी सम्मानित किया गया। इसके अलावा उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों में निर्मला देवी (केंद्र बहरोला प्रथम), उमा मिश्रा (केंद्र थाना), विद्या देवी (केंद्र उमराव खेड़ा), निरंजनी देवी (केंद्र मौहारी बाग-2), ऋतु श्रीवास्तव (केंद्र किला-3) और उषा देवी (केवटा तालाब) को सम्मानित किया गया।
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की वार्डन नीलिमा अवस्थी, ट्रांसजेंडर बोर्ड की अध्यक्ष लकी किन्नर और पूर्णिमा किन्नर सहित कुल 24 महिलाओं को सम्मानित कर उनके कार्यों की सराहना की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष अनुराग अवस्थी ने कहा कि सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए लगातार प्रयास कर रही है। विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाएं सशक्त बन रही हैं और देश-प्रदेश के विकास में अहम योगदान दे रही हैं।
सदर विधायक पंकज गुप्ता ने कहा कि सनातन परंपरा में महिलाओं को शक्ति का स्वरूप माना गया है। समाज की प्रगति में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों का मानदेय बढ़ाने के विषय में मुख्यमंत्री से वार्ता करने का आश्वासन भी दिया।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक विश्वनाथ तिवारी ने किया। इस दौरान विधि एवं परिवीक्षा अधिकारी अवधेश कुमार, राणा रिशेंद्र सिंह, सुजाता गुप्ता, चंद्रकांता जोशी, रामलाली सहित लगभग 450 से अधिक आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां और बड़ी संख्या में अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
