नई दिल्ली। देश कल, 15 अगस्त को अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाएगा। स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय समारोह का नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नई दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले से करेंगे। समारोह को लेकर लाल किले और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के साथ-साथ तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
समारोह की शुरुआत राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ होगी। ध्वजारोहण के दौरान 21 तोपों की सलामी दी जाएगी। इसके बाद भारतीय वायु सेना के दो एमआई-17 हेलीकॉप्टरों द्वारा लाल किले के प्राचीर के ऊपर से पुष्प वर्षा की जाएगी।
पुष्प वर्षा के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लाल किले की प्राचीर से देश को संबोधित करेंगे। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री सरकार की उपलब्धियों, देश की विकास यात्रा और भविष्य की प्राथमिकताओं को देशवासियों के सामने रख सकते हैं।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में देशभर से विभिन्न क्षेत्रों के विशिष्ट अतिथियों और आमंत्रित लोगों के शामिल होने की संभावना है। लाल किले पर होने वाला यह राष्ट्रीय समारोह देश की आजादी, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता का प्रतीक माना जाता है।
15 अगस्त को देशभर में तिरंगा फहराकर स्वतंत्रता दिवस मनाया जाएगा और विभिन्न स्थानों पर सांस्कृतिक एवं देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
