संवाददाता/ सूर्यपाल (प्रोटेक)
उन्नाव/बीघापुर। तहसील क्षेत्र के मोहकमगंज स्थित प्रोटेक कंप्यूटर इंस्टिट्यूट में बाल दिवस बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने भाषण, गीत, नृत्य, चित्रकला सहित विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
हर वर्ष 14 नवंबर को भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के अवसर पर बाल दिवस मनाया जाता है। नेहरू जी को बच्चों से अत्यधिक प्रेम था और बच्चे उन्हें प्यार से “चाचा नेहरू” कहकर बुलाते थे। इसी कारण उनकी जन्मतिथि को बाल अधिकार, शिक्षा और बच्चों के सुरक्षित भविष्य के संदेश के रूप में मनाया जाता है।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को बाल अधिकार, शिक्षा एवं समान अवसरों के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। शिक्षकों ने बताया कि बाल दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य का संकल्प दिवस भी है। समाज का दायित्व है कि हर बच्चे को सुरक्षित वातावरण, शिक्षा और प्यार मिले ताकि वे देश का गौरव बन सकें।
भारत जैसे विकासशील देश में अभी भी कई बच्चे गरीबी, बाल श्रम, अशिक्षा और भेदभाव का सामना करते हैं। ऐसे में बाल दिवस हमें यह याद दिलाता है कि हर बच्चे को समान अवसर और अधिकार मिलना चाहिए, चाहे वह किसी भी वर्ग, जाति या धर्म से हो।
बाल दिवस आयोजन में नम्रता, हर्ष, योगिता, सोनम, ललित, कोमल, निकिता, सुप्रिया, अमन, विभा, शालिनी, हिमांशु, विशाल, श्रीया, वैभव, आयुषी, दिव्या, रूचिता, दीक्षा, कुनाल, कविता, अंकुश, तन्नू सहित अनेक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
