लखनऊ। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के दक्षिणी जोन की पीजीआई थाना पुलिस और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने बंद घरों की रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक सक्रिय गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गैंग के चार शातिर चोरों को गिरफ्तार करते हुए चोरी का सामान, नकदी और घटना में प्रयुक्त वाहन बरामद किए हैं।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में सूरज गौतम उर्फ सद्दाम, शिवम विश्वकर्मा उर्फ कल्लू, मुदित साहा उर्फ आयुष उर्फ बंगाली और आकाश वर्मा शामिल हैं। सभी आरोपी लखनऊ के विभिन्न थाना क्षेत्रों के रहने वाले हैं और पहले भी कई बार चोरी की घटनाओं में जेल जा चुके हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लोहे की तिजोरी, एचपी लेजर प्रिंटर, कम्बल, 7350 रुपये नकद, एक प्लेटिना मोटरसाइकिल व एक टीवीएस इलेक्ट्रिक स्कूटी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार बीते दिनों थाना पीजीआई क्षेत्र में लगातार चोरी की वारदातें सामने आ रही थीं। शिकायतों के बाद पुलिस टीम और सर्विलांस सेल को लगाया गया। टीम ने करीब 200 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले और टेक्निकल इनपुट के आधार पर आरोपियों की जांच की। सभी चारों को कासा ग्रीन अपार्टमेंट के पीछे से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे दिन में अलग-अलग स्थानों पर रेकी करते थे। घर खाली मिलने पर रात में ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। चोरी किए गए सामान को चारों आपस में बराबर बांट लेते थे।
गिरफ्तार आरोपियों पर इससे पहले भी आशियाना, तालकटोरा, मड़ियांव, कृष्णानगर व पीजीआई सहित कई थानों में चोरी व नकबजनी के मुकदमे दर्ज हैं। सूरज गौतम पर अकेले 12 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज पाए गए।
पुलिस ने बताया कि पीजीआई क्षेत्र में 6 से अधिक चोरी की घटनाओं का खुलासा इस गैंग की गिरफ्तारी से हो गया है। जिन प्रकरणों का अनावरण हुआ है उनमें मुकदमे संख्या 569/25, 573/25, 584/25 और 593/25 शामिल हैं। आरोपियों के खिलाफ आगे आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
संयुक्त टीम में पीजीआई थाना पुलिस और दक्षिणी जोन सर्विलांस सेल के अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे।
