पुरवा (उन्नाव)। थाना पुरवा पुलिस एवं एसओजी/सर्विलांस टीम को गुरुवार को बड़ी सफलता मिली, जब नियमित चेकिंग के दौरान गौतस्करों से आमना-सामना हो गया। टीम मिर्री चौराहा पर संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी, तभी सामने से आती एक डीसीएम को पुलिस ने रोकने का संकेत दिया। चालक ने वाहन रोकने के बजाय तेजी से भगाने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने पीछा शुरू किया।
मिर्री खेड़ा रोड पर नहर पुलिया के पास धर्मकांटा के सामने पुलिस ने डीसीएम को घेर लिया। इसी दौरान वाहन में बैठे दो युवकों ने पुलिस टीम पर फायर कर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी।
घायलों ने अपना नाम उस्मान पुत्र हाशिम निवासी मितौली, जिला खीरी (उम्र 27 वर्ष) तथा जयप्रकाश तिवारी पुत्र देवकीनंदन निवासी सूरजपुर बघौरा, थाना सफदरगंज, जिला बाराबंकी (उम्र 32 वर्ष) बताया। पूछताछ में पता चला कि दोनों डीसीएम (नंबर MH03 DV 8557) में 20 गोवंश पशु लादकर बिहार ले जा रहे थे।
पुलिस ने मौके से 315 बोर का तमंचा, 312 बोर का तमंचा, दो जिंदा व दो खोखा कारतूस बरामद किए। दोनों घायलों को जिला अस्पताल उन्नाव में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि दोनों पर पहले से ही गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
उस्मान के खिलाफ थाना मितौली, खीरी में धारा 188/270/271 आईपीसी का केस
जयप्रकाश तिवारी के खिलाफ थाना सफदरगंज, बाराबंकी में धारा 302/506 आईपीसी का मुकदमा
पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों के विरुद्ध गौकशी, अवैध शस्त्र व अन्य संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और सघन चेकिंग बढ़ा दी गई है।
