उन्नाव। जनपद की तहसील बीघापुर क्षेत्र में लगने वाला ऐतिहासिक तकिया मेला सर्वधर्म समभाव और हिंदू–मुस्लिम एकता का सशक्त प्रतीक माना जाता है। सहस्र लिंगेश्वर महादेव मंदिर एवं मोहब्बत शाह बाबा की दरगाह परिसर में आयोजित होने वाला यह मेला 400 वर्षों से अधिक पुरानी परंपरा का वाहक है, जहां हर वर्ष दूर-दराज से श्रद्धालु और दर्शक बड़ी संख्या में पहुंचते हैं।
इस वर्ष के तकिया मेले में एक अनोखा आकर्षण लोगों के बीच खास चर्चा का विषय बना रहा। मेले में पहुंचे बेहद सुंदर सफेद घोड़े ‘युवराज’ ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। युवराज के आते ही उसे देखने और उसके साथ फोटो खिंचवाने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
घोड़े के मालिक कमलेश सिंह यादव, निवासी मढ़ौली, थाना किशनपुर, खागा (जनपद फतेहपुर) ने बताया कि युवराज की उम्र लगभग दो वर्ष तीन माह है। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में युवराज की कीमत ढाई लाख से तीन लाख रुपये के बीच आंकी जा रही है। उनका कहना है कि जैसे-जैसे युवराज जवान होगा, उसकी सुंदरता और कद-काठी और भी आकर्षक होती जाएगी।
तकिया मेले में जहां एक ओर धार्मिक अनुष्ठान, पूजा-अर्चना और चादरपोशी जैसे कार्यक्रमों से श्रद्धा का वातावरण बना रहा, वहीं युवराज जैसे अनोखे आकर्षणों ने मेले की रौनक को और बढ़ा दिया। आस्था, भाईचारे और गंगा-जमुनी तहजीब का संदेश देता यह मेला एक बार फिर सामाजिक समरसता की मिसाल बनकर सामने आया।
