उन्नाव। किसानों को गुणवत्तापूर्ण उर्वरक निर्धारित मूल्य पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला कृषि अधिकारी उन्नाव शशांक ने सोमवार को सफीपुर और मियागंज क्षेत्र में उर्वरक दुकानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई दुकानों में अनियमितताएं सामने आने पर कड़ी कार्रवाई की गई।
जिला कृषि अधिकारी द्वारा निरीक्षण के दौरान उर्वरक प्रतिष्ठानों पर स्टॉक बोर्ड, रेट बोर्ड, वितरण रजिस्टर, स्टॉक रजिस्टर, कैश मेमो सहित अन्य अभिलेखों की गहन जांच की गई। जांच में नियमों के उल्लंघन की स्थिति पाए जाने पर बाबू यादव कृषि सेवा केंद्र मेथीटीकूर सफीपुर, तिरुपति बालाजी खाद भंडार मेथीटीकूर सफीपुर, शिव खाद केंद्र मिर्जापुरकला मियागंज, भोला कृषि सेवा केंद्र रसूलाबाद तथा नागेश कृषि सेवा केंद्र रसूलाबाद सहित कुल दो प्रतिष्ठानों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
वहीं पारस खाद भंडार के बिना किसी सूचना के प्रतिष्ठान बंद पाए जाने तथा जय बालाजी खाद भंडार में भौतिक स्टॉक और पीओएस स्टॉक में भिन्नता मिलने पर दोनों प्रतिष्ठानों के उर्वरक प्राधिकार पत्र निलंबित कर दिए गए।
निरीक्षण के दौरान जिला कृषि अधिकारी ने सभी उर्वरक विक्रेताओं को सख्त निर्देश दिए कि वे नियमानुसार ही उर्वरक की बिक्री करें। प्रत्येक दुकान पर रेड बोर्ड, स्टॉक बोर्ड, कैश मेमो, वितरण रजिस्टर एवं स्टॉक रजिस्टर अनिवार्य रूप से रखें और संस्तुत मात्रा का बैनर प्रतिष्ठान पर लगवाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि दुकान बिना सूचना के बंद न की जाए और किसानों को उर्वरक निर्धारित मूल्य पर ही उपलब्ध कराया जाए। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित विक्रेता के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि जनपद में उर्वरकों की कोई कमी नहीं है। वर्तमान में जनपद में यूरिया 9047 मीट्रिक टन, डीएपी 4023 मीट्रिक टन तथा एनपीके 4455 मीट्रिक टन उपलब्ध है।
उर्वरक से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत दर्ज कराने के लिए किसान कंट्रोल रूम नंबर 7839882173 और 9214848105 पर किसी भी कार्य दिवस में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संपर्क कर सकते हैं।
