उन्नाव। विकास खंड नवाबगंज की ग्राम पंचायत कुशहरी में आयोजित ‘ग्राम चौपाल’ ग्रामीणों के लिए सौगातों का पिटारा लेकर आई। जिलाधिकारी गौरांग राठी और मोहान विधायक ब्रजेश रावत की उपस्थिति में आयोजित इस चौपाल का मुख्य उद्देश्य शासन की योजनाओं को अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुँचाना रहा। जिलाधिकारी ने न केवल जनसमस्याएं सुनीं, बल्कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को कड़ी फटकार भी लगाई।
’जीरो पॉवर्टी’ पर विशेष फोकस, लापरवाह सचिव पर गिरेगी गाज
चौपाल के दौरान जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री आवास, शौचालय, उज्ज्वला योजना और आयुष्मान कार्ड जैसी योजनाओं का स्थलीय सत्यापन किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि ‘जीरो पॉवर्टी’ श्रेणी के परिवारों को शत-प्रतिशत लाभ मिलना चाहिए। श्रम कार्ड निर्माण में देरी पर नाराजगी जताते हुए DM ने संबंधित ग्राम सचिव का वेतन अग्रिम आदेशों तक रोकने की चेतावनी दी और सहायक श्रमायुक्त को विशेष शिविर लगाने का निर्देश दिया।
अब सड़कों के किनारे सजेंगे ‘प्रगति मॉल’
जिलाधिकारी गौरांग राठी ने एक महत्वपूर्ण योजना की घोषणा करते हुए बताया कि हाईवे और मुख्य सड़कों के किनारे स्थित ग्राम समाज की खाली भूमि पर दुकानों का निर्माण कराया जाएगा। इन दुकानों को “प्रगति मॉल” का नाम दिया जाएगा और इन्हें स्थानीय ग्रामीणों को ही आवंटित किया जाएगा ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें। इसके साथ ही सरकारी जमीन पर अवैध कब्जों को हटाने के लिए एक माह का विशेष अभियान चलाने का आदेश SDM और तहसीलदार को दिया गया।
अन्नप्राशन, पोषण पोटली और अन्नपूर्णा भवन का उद्घाटन
कार्यक्रम के दौरान सामाजिक सरोकारों की भी झलक दिखी:
- ICDS विभाग: नवजात शिशुओं का अन्नप्राशन और गर्भवती महिलाओं को पोषण पोटली का वितरण।
- स्टॉल: आयुष्मान योजना, पीएम सूर्य घर और किसान सम्मान निधि के लिए मौके पर ही पंजीकरण।
- अन्नपूर्णा भवन: कार्यक्रम के अंत में नवनिर्मित अन्नपूर्णा भवन का जिलाधिकारी और विधायक द्वारा विधिवत उद्घाटन किया गया।
बुजुर्गों के लिए विशेष निर्देश
DM ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया कि 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी पात्र नागरिकों और अत्यंत गरीब परिवारों के आयुष्मान कार्ड प्राथमिकता के आधार पर बनाए जाएं। साथ ही, मनरेगा के माध्यम से बकरी पालन शेड निर्माण के लिए ग्रामीणों से आवेदन लेने को कहा गया ताकि पशुपालन को बढ़ावा मिल सके।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी हसनगंज, परियोजना निदेशक, जिला विकास अधिकारी सहित अन्य जनपदीय अधिकारी व भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
