फरियादियों से सीधे संवाद कर जानी समस्याएं, लंबित राजस्व वादों में तेजी लाने पर जोर
बाराबंकी।अयोध्या मंडल के मण्डलायुक्त राजेश कुमार ने जनपद बाराबंकी की तहसील सिरौली गौसपुर का औचक एवं सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने तहसील के विभिन्न अनुभागों, अभिलेखागार, राजस्व शाखा तथा न्यायालय कक्षों का निरीक्षण कर अभिलेखों के रखरखाव, पत्रावलियों के निस्तारण एवं कार्यालय व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की।
मण्डलायुक्त ने तहसील परिसर में मौजूद फरियादियों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी शिकायतों और समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि तहसील आने वाले प्रत्येक नागरिक के साथ सहयोगपूर्ण, संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार किया जाए तथा उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन को त्वरित एवं पारदर्शी न्याय उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जनता दर्शन एवं IGRS पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए मण्डलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण एवं संतुष्टि आधारित निस्तारण किया जाए। किसी भी शिकायत का औपचारिक निस्तारण न कर वास्तविक समाधान सुनिश्चित किया जाए, जिससे शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिल सके।
निरीक्षण के क्रम में उन्होंने उपजिलाधिकारी न्यायालय, तहसीलदार न्यायालय सहित अन्य राजस्व न्यायालयों में लंबित वादों की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित पीठासीन अधिकारियों को मा० परिषद द्वारा निर्धारित समयसीमा के भीतर लंबित राजस्व वादों का निस्तारण करने के निर्देश दिए। साथ ही बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर मामलों के शीघ्र निस्तारण पर बल दिया।
कार्मिकों की सेवा संबंधी समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने की बात कहते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि सभी कर्मचारी मानव सम्पदा पोर्टल पर अपनी सेवा विवरणी नियमित रूप से अद्यतन रखें, जिससे प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता एवं दक्षता बनी रहे।
इस अवसर पर जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने मण्डलायुक्त को आश्वस्त किया कि दिए गए सभी निर्देशों का प्रभावी अनुपालन न केवल तहसील सिरौली गौसपुर बल्कि जनपद की अन्य तहसीलों में भी सुनिश्चित किया जाएगा। शासन द्वारा निर्गत सभी आदेशों का शत-प्रतिशत पालन कराया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त अजयकांत सैनी, अपर जिलाधिकारी निरंकार सिंह, जॉइंट मजिस्ट्रेट/उपजिलाधिकारी सिरौली गौसपुर तेजस के0 सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
