संवाददाता /शमसाद सिद्धिकी
लखनऊ। महिला एवं बाल सुरक्षा अभियान के तहत लखनऊ पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के दक्षिणी जोन की सरोजनीनगर थाना पुलिस ने एक नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने के मामले में वांछित चल रहे शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है।
स्कूल गई किशोरी का हुआ था अपहरण
मामला पिछले महीने का है, जब 12 मई 2026 को पीड़िता के पिता ने सरोजनीनगर थाने में लिखित तहरीर दी थी। शिकायत के मुताबिक, 11 मई को सुबह करीब 7:30 बजे उनकी 17 वर्षीय नाबालिग बेटी स्कूल जाने के लिए निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। छानबीन में पता चला कि विशाल शर्मा नाम का युवक उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया है। पुलिस ने तत्काल मु0अ0सं0 171/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक (SI) अभय प्रताप सिंह को सौंपी थी।
जांच में बढ़ीं पॉक्सो और दुष्कर्म की गंभीर धाराएं
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर अमरेन्द्र कुमार सेंगर और संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध एवं मुख्यालय) अपर्णा कुमार के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई के लिए टीमों का गठन किया गया। डीसीपी (दक्षिणी) अमित कुमार आनंद के कुशल पर्यवेक्षण में पुलिस ने सूचना तंत्र की मदद से 12 मई 2026 को ही पीड़िता को सकुशल बरामद कर लिया था। विवेचना के दौरान पीड़िता के बयानों और साक्ष्य संकलन के आधार पर मुकदमे में BNS की धारा 64(2)M (दुष्कर्म) और 5L/6 पॉक्सो (POCSO) एक्ट की बढ़ोतरी की गई।
घेराबंदी कर न्यू गडौरा अंडरपास के पास से दबोचा
एडीसीपी (दक्षिणी) रल्लापल्ली वसंथ कुमार और एसीपी कृष्णानगर रजनीश वर्मा के मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक राजदेव प्रजापति के नेतृत्व वाली पुलिस टीम आरोपी की लगातार तलाश कर रही थी।
शनिवार, 13 जून 2026 को मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर न्यू गडौरा अंडरपास के पास से अभियुक्त विशाल शर्मा उर्फ बउआ (उम्र करीब 20 वर्ष), निवासी- पूर्वीदीनखेड़ा, पारा रोड, राजाजीपुरम (थाना पारा, लखनऊ) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
