गोंडा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद गोंडा में देवीपाटन एवं बस्ती मंडल के विधानसभा क्षेत्रों से संबंधित लोक निर्माण विभाग (PWD) की विकास परियोजनाओं की समीक्षा की। बैठक में क्षेत्रीय विकास, सड़क संपर्क और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई।
समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों को बेहतर सड़क संपर्क प्रदान करने के उद्देश्य से 13 प्रमुख मार्गों के विकास कार्यों को स्वीकृति दी। इनमें मां पाटेश्वरी देवी शक्तिपीठ, स्वामीनारायण मंदिर, मखौड़ा धाम समेत अन्य महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों को जोड़ने वाले मार्ग शामिल हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी सड़क निर्माण एवं चौड़ीकरण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारशिला होती हैं और बेहतर संपर्क व्यवस्था से पर्यटन, व्यापार तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने विशेष रूप से औद्योगिक क्षेत्रों और ग्रामीण इलाकों की कनेक्टिविटी सुधारने पर जोर देते हुए कहा कि ऐसे सभी मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर विकसित किया जाए, जिससे लोगों को आवागमन में सुविधा मिल सके और क्षेत्र के समग्र विकास को गति मिले।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र में मजबूत आधारभूत संरचना विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है और जनहित से जुड़ी परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।
