उन्नाव। विधानसभा क्षेत्र भगवन्तनगर के सिकंदरपुर कर्ण ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत मालमऊ के घुरुवा खेड़ा गांव में एक परिवार पर आए दुखों के पहाड़ के बीच समाजसेवा की मिसाल देखने को मिली। गांव निवासी संतोष कुमार पासवान (40 वर्ष) का लगभग पंद्रह दिन पूर्व असमय निधन हो गया था, जिसके बाद परिवार के सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया।
मृतक अपने परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। उनके निधन के बाद पत्नी अनीता देवी (38 वर्ष) तथा तीन बच्चों—पुत्र आदित्य (16 वर्ष), पुत्री कविता (12 वर्ष) और तुलसी (7 वर्ष)—के पालन-पोषण और शिक्षा को लेकर परिवार गहरे संकट में आ गया। आर्थिक तंगी के चलते परिवार को किसी प्रकार की सहायता भी नहीं मिल पा रही थी।
इसी बीच क्षेत्रीय युवा सामाजिक कार्यकर्ता योगेश उर्फ सोनू ने मामले की जानकारी पुष्प फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह को दी। सूचना मिलते ही पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह ने मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए तत्काल सहायता का निर्णय लिया और अपने बड़े भाई मानवेन्द्र सिंह को पीड़ित परिवार के घर भेजा।
घुरुवा खेड़ा पहुंचकर मानवेन्द्र सिंह ने ग्रामीणों और परिजनों की उपस्थिति में राष्ट्रीय अध्यक्ष पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह की ओर से मृतक की पत्नी अनीता को आर्थिक सहायता प्रदान की। इस दौरान माहौल भावुक हो गया और ग्रामीणों ने इस सहयोग की सराहना की।
मानवेन्द्र सिंह ने कहा कि दिवंगत संतोष कुमार के बच्चों की शिक्षा किसी भी परिस्थिति में बाधित नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि बच्चों की उच्च शिक्षा के लिए यदि भविष्य में किसी प्रकार की आर्थिक आवश्यकता होगी तो पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह परिवार के सदस्य की तरह हर संभव सहयोग करेंगे।
इस अवसर पर योगेश उर्फ सोनू, रवी यादव, प्रखर सिंह, रामजी यादव, अमन सिंह, मनीष, सरदार, शिवप्रसाद, छेदीलाल, पृथ्वीपाल, कुंवारे, रीपू, दीपू, रामनाथ, शिवपाल, नन्हेलाल, प्रदीप, अमित, सर्वेश उर्फ रिंकू, कैलाश, रामसिंह, भगवानचरन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने कहा कि संकट की घड़ी में मिली यह सहायता न केवल आर्थिक संबल है, बल्कि मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी का भी प्रेरणादायक उदाहरण है।
