उन्नाव। सदर तहसील क्षेत्र के मगरवारा निवासी एक महिला ने रहने के लिए जमीन और आवास की मांग को लेकर एक बार फिर जिलाधिकारी कार्यालय का दरवाजा खटखटाया। महिला ने प्रशासन से 100 गज सरकारी पट्टा और आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की है।
मगरवारा निवासी सबीना बानो पत्नी मोहम्मद सिद्दीक सुबह करीब 10:30 बजे जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचीं और अपनी समस्याओं से संबंधित प्रार्थना पत्र सौंपा। उन्होंने बताया कि वह पिछले कई वर्षों से अपने परिवार के साथ रेलवे की जमीन पर बनी झोपड़ी में रह रही थीं।
सबीना बानो के अनुसार करीब दो वर्ष पूर्व रेलवे विभाग द्वारा बाउंड्री वॉल निर्माण के दौरान उनकी झोपड़ी हटा दी गई थी, जिसके बाद उनका परिवार बेघर हो गया। तब से वह अपने परिवार के साथ अस्थायी रूप से जीवन यापन करने को मजबूर हैं।
पीड़िता ने बताया कि वह और उनके पति मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते हैं। परिवार में उनका 8 वर्षीय पुत्र भी है। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह स्वयं का मकान बनवाने में सक्षम नहीं हैं।
महिला का आरोप है कि उन्होंने कई बार ग्राम सचिव सहित विभिन्न अधिकारियों से मदद की गुहार लगाई, लेकिन अब तक उन्हें न तो सरकारी पट्टा मिला और न ही आवास योजना का लाभ। इसके चलते वह वर्षों से सरकारी कार्यालयों के चक्कर काटने को मजबूर हैं।
सबीना बानो ने प्रशासन से मांग की है कि उनकी आर्थिक एवं सामाजिक स्थिति को देखते हुए उन्हें 100 गज सरकारी पट्टा उपलब्ध कराया जाए तथा प्रधानमंत्री आवास योजना अथवा अन्य आवासीय योजनाओं का लाभ देकर परिवार के लिए स्थायी आवास की व्यवस्था की जाए।
जिलाधिकारी कार्यालय में प्रार्थना पत्र प्राप्त करने के बाद संबंधित अधिकारियों ने मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। महिला को उम्मीद है कि इस बार उनकी समस्या का समाधान होगा और उनके परिवार को स्थायी आशियाना मिल सकेगा।
Source – सोसल मीडिया
