उन्नाव। जनपद में अपराधियों के खिलाफ जिला प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से जिलाधिकारी एवं जिला मजिस्ट्रेट घनश्याम मीना ने उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत दो और अपराधियों को जिला बदर करने के आदेश जारी किए हैं।
जिला बदर किए गए अपराधियों में संजय पासी उर्फ बउवा (40), पुत्र श्यामलाल, निवासी बैगांव, थाना पुरवा तथा नरेश निषाद उर्फ कल्लू (38), पुत्र कालीचरन उर्फ काला कालीदीन, निवासी आजाद नगर, थाना गंगाघाट शामिल हैं। दोनों को निर्धारित अवधि तक उन्नाव जनपद एवं उससे सटे जनपदों की सीमाओं से बाहर रहने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न थानों में गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उनकी गतिविधियों से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका थी, जिसके चलते यह कार्रवाई की गई।
जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने बताया कि जनपद में अपराध नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। कानून-व्यवस्था के लिए खतरा बनने वाले व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि अब तक जिले में कुल 20 अपराधियों को जिला बदर किया जा चुका है, जबकि चार अपराधियों के शस्त्र लाइसेंस भी निरस्त किए गए हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जिला बदर आदेश का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि आमजन में सुरक्षा की भावना बनाए रखने और अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
