उन्नाव। अचलगंज थाना क्षेत्र के झाऊखेड़ा गांव की रहने वाली एक महिला ने गांव के ही तीन लोगों पर खेत बेचने का दबाव बनाने, मना करने पर खेत में लगे हरे-भरे पेड़ों को जलाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि पुलिस को शिकायत देने के बावजूद अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
पीड़िता कंचन ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 6 जून 2026 की सुबह करीब 7 बजे गांव के मोहित, मुकेश पुत्र रामेश्वर और रामकली पत्नी रामेश्वर ने उससे खेत बेचने के लिए दबाव बनाया। जब उसने इनकार किया तो आरोप है कि तीनों ने उसके खेत में लगे हरे-भरे पेड़ों में आग लगा दी, जिससे करीब एक लाख रुपये का नुकसान हुआ।
महिला का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता के अनुसार, गांव के कुछ लोगों की मौजूदगी में नुकसान की भरपाई के लिए 50 हजार रुपये देने की बात भी तय हुई थी, लेकिन न तो मुआवजा दिया गया और न ही धमकियां बंद हुईं।
पीड़िता का कहना है कि आरोपी लगातार खेत बेचने का दबाव बना रहे हैं और शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दे रहे हैं। उनका आरोप है कि शिकायत देने के बाद भी पुलिस ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है, जिससे वह और उसका परिवार भय के माहौल में जीने को मजबूर हैं।
इस संबंध में अचलगंज थाना प्रभारी सुब्रत नारायण का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नोट: यह समाचार पीड़िता द्वारा लगाए गए आरोपों और पुलिस को दी गई तहरीर पर आधारित है। आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
