उन्नाव। बिहार थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक पर सवार 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला की ट्रक की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को भी अपने कब्जे में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार बिहार थाना क्षेत्र के ग्राम पंचीखेड़ा निवासी शिवमंगल प्रसाद लोधी अपनी 65 वर्षीय मां नन्हकी (पत्नी स्वर्गीय श्रीधर) को दवा दिलाने के लिए सोमवार सुबह बाइक से भगवंतनगर जा रहे थे। सुबह करीब 11:30 बजे जब वे असईखेड़ा-भड़पुरवा मार्ग पर पहुंचे, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आए एक ट्रक ने उनकी स्प्लेंडर बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में नन्हकी सड़क पर गिर गईं और ट्रक का पहिया उनके ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं बाइक चला रहे शिवमंगल प्रसाद और उनकी पत्नी इस हादसे में बाल-बाल बच गए।
घटना की सूचना मिलते ही भगवंतनगर चौकी प्रभारी देवेंद्र कुमार अवस्थी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
चौकी प्रभारी देवेंद्र कुमार अवस्थी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद मृतका के परिवार में कोहराम मच गया है।
