उन्नाव। भगवन्तनगर विधानसभा क्षेत्र के सुमेरपुर ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत आकमपुर और सीरियापुर के श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम दर्शन के लिए रवाना किया गया। सुविख्यात समाजसेवी एवं पुष्प फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह ने आकमपुर चौराहे पर श्री रामलला श्रवण कुमार तीर्थयात्रा की बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में भगवान श्रीराम के दर्शन को लेकर विशेष उत्साह और भक्तिभाव देखने को मिला। बस रवाना होने से पहले श्रद्धालुओं ने “जय श्रीराम” के जयघोष से पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
इस अवसर पर पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह ने श्रद्धालुओं का माल्यार्पण कर, अंगवस्त्र भेंट किए तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। श्रद्धालुओं ने उनके इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए कहा कि जीवन में पहली बार उन्हें अयोध्या धाम जाकर प्रभु श्रीराम के दर्शन का अवसर मिला है। उन्होंने पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह के निःस्वार्थ सेवा भाव की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं दीर्घायु की कामना की।
कार्यक्रम में धीरेन्द्र सिंह, दिनेश सिंह बाबा, इकबाल सिंह, मानवेन्द्र सिंह, अमित सिंह, अटल कुमार तिवारी, मिलन तिवारी, विकास सिंह, संदीप यादव, महेंद्र सिंह, रणविजय सिंह, आशू, अमन, सौरभ सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
