मौरावां उन्नाव । विकासखंड हिलौली सभागार में गुरुवार को सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) के स्थानांतरण के अवसर पर विदाई एवं स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम भावनात्मक माहौल में संपन्न हुआ। जहां नवागत एडीओ पंचायत धीरेंद्र यादव के आगमन पर कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों ने उत्साह के साथ स्वागत किया, वहीं लंबे समय तक सेवाएं देने वाले निवर्तमान एडीओ पंचायत उदयवीर सिंह की विदाई के दौरान उपस्थित लोगों की आंखें नम हो गईं।
ब्लॉक सभागार में आयोजित समारोह के मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख दिलीप कुमार दीक्षित रहे। उन्होंने निवर्तमान एडीओ पंचायत उदयवीर सिंह के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी सरल कार्यशैली, ईमानदार कार्यप्रणाली और सहयोगात्मक व्यवहार से विकासखंड में अलग पहचान बनाई है। उनके द्वारा किए गए कार्य और योगदान हमेशा याद किए जाएंगे।
इस अवसर पर उदयवीर सिंह को अंगवस्त्र, स्मृति चिह्न एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों ने उनके कार्यकाल की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
वहीं नवागत एडीओ पंचायत धीरेंद्र यादव का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। ब्लॉक प्रमुख दिलीप कुमार दीक्षित ने कहा कि धीरेंद्र यादव के अनुभव और कार्यकुशलता का लाभ हिलौली विकासखंड के विकास कार्यों को मिलेगा। उन्होंने सभी कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों से मिलकर क्षेत्र के विकास को गति देने का आह्वान किया।
समारोह में गयाबक्स सिंह, विवेक सिंह, जेपी सोनकर, अजय यादव, रूपेंद्र यादव, अनूप गौतम, धर्मेंद्र श्रीवास्तव, आकाश कुमार, अजीज अहमद, सतीश कुमार सहित विकासखंड के अधिकारी, कर्मचारी एवं पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे।
कार्यक्रम का समापन दोनों अधिकारियों को शुभकामनाएं एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ किया गया।
