64 श्रद्धालुओं का जत्था अयोध्या धाम के लिए रवाना, मानवेन्द्र सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया शुभारंभ
उन्नाव। विधानसभा क्षेत्र भगवन्तनगर के सिकंदरपुर कर्ण ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत मनोहरपुर एवं जगजीवनपुर के श्रद्धालुओं के लिए पुष्प फाउंडेशन द्वारा संचालित “श्री रामलला श्रवण कुमार निशुल्क तीर्थयात्रा” के अंतर्गत एक और बस गुरुवार को अयोध्या धाम के लिए रवाना की गई। इस यात्रा में कुल 64 श्रद्धालु प्रभु श्रीराम के दर्शन के लिए रवाना हुए।
पुष्प फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह की प्रेरणा से संचालित इस सेवा अभियान का शुभारंभ उनके बड़े भाई मानवेन्द्र सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया। यात्रा रवाना होने से पहले श्रद्धालुओं का पारंपरिक ढंग से स्वागत किया गया। मानवेन्द्र सिंह ने सभी श्रद्धालुओं को अंगवस्त्र एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया तथा उनके चरण स्पर्श कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस भावपूर्ण दृश्य ने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया।
इस अवसर पर मानवेन्द्र सिंह ने कहा कि श्री रामलला श्रवण कुमार निशुल्क तीर्थयात्रा केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, सेवा, संस्कार और सामाजिक समर्पण का सशक्त अभियान है। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर एवं बुजुर्ग श्रद्धालुओं को प्रभु श्रीराम के दिव्य धाम अयोध्या के दर्शन कराना पुष्प फाउंडेशन का प्रमुख उद्देश्य है। संस्था लगातार समाज सेवा के विभिन्न कार्यों के साथ-साथ धार्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों को भी सुदृढ़ करने का कार्य कर रही है।
यात्रा प्रारंभ होने से पहले श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। बस के रवाना होते ही “जय श्रीराम” के गगनभेदी नारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूब गया। बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण श्रद्धालुओं को विदा करने पहुंचे और सभी ने मंगलमय यात्रा की कामना की। लोगों ने पुष्प फाउंडेशन की इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने कहा कि इस प्रकार की निशुल्क तीर्थयात्राएं उन लोगों के लिए किसी वरदान से कम नहीं हैं, जो आर्थिक कारणों से वर्षों से अयोध्या धाम जाने की इच्छा होने के बावजूद यात्रा नहीं कर पाते। पुष्प फाउंडेशन का यह अभियान लगातार लोगों के बीच आस्था और सेवा का नया उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है।
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए आवश्यक सभी व्यवस्थाएं की गई हैं। भोजन, पेयजल तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा गया है, जिससे यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस अवसर पर प्रधान इकबाल सिंह, अरुण तिवारी, बब्बू मिश्रा, पंकज गुप्ता, रामू शर्मा, दयाशंकर शर्मा, राजेश, सर्वेश सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए सुखद एवं मंगलमय यात्रा की कामना की।
