रक्षाबंधनउन्नाव। रक्षाबंधन के पर्व पर देश की सीमाओं पर तैनात जवानों के प्रति सम्मान और भाईचारे की भावना व्यक्त करते हुए नवाबगंज ब्लॉक क्षेत्र के छात्रों ने अनूठी पहल की। छात्रों ने सैनिक भाइयों के लिए 200 से अधिक राखियां तैयार कर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर सौंप दीं।
एक दर्जन से अधिक छात्र अपने शिक्षकों के साथ जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और राखियां जिलाधिकारी के माध्यम से सीमा पर तैनात जवानों तक पहुंचाने का आग्रह किया। छात्रों ने कहा कि देश की सुरक्षा में तैनात सैनिक भी उनके भाई हैं, जो त्योहारों के अवसर पर अपने परिवार से दूर रहकर राष्ट्र की रक्षा में जुटे रहते हैं।
छात्रों ने बताया कि वे भले ही सैनिक भाइयों की कलाई पर स्वयं राखी नहीं बांध पाएंगे, लेकिन इन राखियों के माध्यम से अपना प्यार, स्नेह और शुभकामनाएं सीमा तक जरूर पहुंचाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि राखियों के साथ उनका देशभक्ति और सम्मान का संदेश भी जवानों तक पहुंचेगा।
शिक्षकों ने की पहल की सराहना
छात्रों की इस पहल की शिक्षकों ने भी सराहना की। शिक्षकों ने कहा कि इस तरह के प्रयास बच्चों में देशप्रेम, सामाजिक जिम्मेदारी और सैनिकों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करते हैं।
छात्रों की इस पहल को स्थानीय स्तर पर भी सराहना मिली। रक्षाबंधन के अवसर पर बच्चों द्वारा सैनिकों के लिए राखियां भेजने की यह पहल समाज में देश के जवानों के प्रति सम्मान और भावनात्मक जुड़ाव का संदेश देती है।
