उन्नाव। भगवन्तनगर विधानसभा क्षेत्र के पुरवा विकासखंड की ग्राम पंचायत गढ़ाकोला से बुधवार को 58 श्रद्धालुओं का जत्था अयोध्या धाम के लिए रवाना हुआ। श्रद्धालुओं को श्री रामलला श्रवण कुमार निशुल्क तीर्थ यात्रा के तहत प्रभु श्रीराम के दर्शन के लिए बस से भेजा गया।
यात्रा के शुभारंभ पर राष्ट्रसेवक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह ने बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। श्रद्धालुओं को विदा करने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और क्षेत्रीय लोग पहुंचे। बस रवाना होने से पहले पूरे परिसर में ‘जय श्रीराम’ के जयकारे गूंजते रहे।
अयोध्या जाने को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल रहा। भक्ति गीतों के बीच श्रद्धालु नाचते-झूमते दिखाई दिए। महिलाओं और पुरुषों ने भगवान श्रीराम के जयकारे लगाते हुए यात्रा की शुरुआत की।
इस दौरान पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह ने श्रद्धालुओं का सम्मान करते हुए उन्हें अंगवस्त्र और माला पहनाई। उन्होंने श्रद्धालुओं के पैर छूकर आशीर्वाद भी लिया। उन्होंने कहा कि इस निशुल्क तीर्थ यात्रा का उद्देश्य क्षेत्र के श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम में प्रभु श्रीराम के दर्शन का अवसर उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि धार्मिक यात्रा के साथ सेवा और सामाजिक समर्पण की भावना को बढ़ावा देना भी इस पहल का उद्देश्य है। श्रद्धालुओं ने निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलने पर प्रसन्नता जताते हुए आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
श्रद्धालुओं को विदा करने पहुंचे लोगों ने उनकी मंगलमय यात्रा की कामना की। बस के रवाना होते ही गढ़ाकोला का वातावरण एक बार फिर ‘जय श्रीराम’ के जयघोष से गूंज उठा।
इस अवसर पर मानवेन्द्र सिंह, आरके सिंह मामाजी, नीरज कश्यप, गुड्डू कुमार, धर्मेन्द्र, सौरभ, सचिन, रामखेलेवन, दीनू महाराज, सर्वेश कुमार सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।
