उन्नाव। विधानसभा क्षेत्र भगवन्तनगर के अंतर्गत विकासखंड पुरवा की ग्राम पंचायत सिजनी सोहरामऊ के मोहकमगंज गांव में मानवता और सामाजिक सरोकार की मिसाल देखने को मिली। एक वर्ष पूर्व पिता को खो चुकी दो बेटियों की शिक्षा की पूरी जिम्मेदारी राष्ट्रसेवक पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह ने उठाने का संकल्प लिया है।
मोहकमगंज निवासी स्वर्गीय शिवाकांत की बेटियां अंशिका पटेल (12 वर्ष) और आन्या (5 वर्ष) पिता के निधन के बाद बेसहारा हो गई थीं। पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह ने अपने 38वें जन्मदिन के अवसर पर दोनों बेटियों के सिर पर सहयोग का हाथ रखते हुए उनकी आजीवन शिक्षा का खर्च वहन करने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि दोनों बेटियों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ ही उन्हें आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि भविष्य में वे अपने पैरों पर खड़ी होकर सम्मानजनक जीवन जी सकें। उन्होंने यह भी कहा कि बेटियों को आगे चलकर किसी भी प्रकार की परेशानी आती है तो उनकी पूरी टीम उनके साथ खड़ी रहेगी। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त खर्च भी वहन किया जाएगा।
इस दौरान बेटियों की मां भावुक हो गईं। उन्होंने पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह के इस मानवीय एवं जनहितकारी पहल के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान गौरीशंकर मास्टर, बबलू सिंह, आशू सिंह, गुड्डू वर्मा, संतोष साहू, संदीप यादव, ज्ञान सिंह, सेनू यादव, पंकज बाबाजी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
यह पहल समाज में बेटियों की शिक्षा और उनके भविष्य के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश देती है।
