₹5 लाख तक की स्वास्थ्य सुरक्षा को बताया महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी पहल
बीघापुर, उन्नाव। पीएम पोषण योजना के अंतर्गत कार्यरत रसोइयों के सम्मान समारोह एवं कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम का आयोजन ब्लॉक संसाधन केंद्र, बीघापुर में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि प्रकाश सिंह एवं खंड शिक्षा अधिकारी बीघापुर अनीता शाह ने विकासखंड की रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान सावित्री देवी, नीलम देवी, प्राथमिक विद्यालय दयालगंज, मंजू देवी, प्राथमिक विद्यालय मेहरबान खेड़ा, सोनी शर्मा, प्राथमिक विद्यालय कल्याणपुर-2 तथा शिव मोहन, कंपोजिट विद्यालय बरदहा को कैशलेस चिकित्सा कार्ड प्रदान किए गए।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि प्रकाश सिंह ने रसोइयों एवं उपस्थित शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि शासन द्वारा रसोइयों को प्रदान की गई ₹5 लाख तक की स्वास्थ्य सुरक्षा उनके लिए महत्वपूर्ण सौगात है। उन्होंने इस जनकल्याणकारी पहल के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कैशलेस चिकित्सा सुविधा से रसोइयों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा मिल सकेगी।
खंड शिक्षा अधिकारी अनीता शाह ने कहा कि शासन द्वारा रसोइयों के हित में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। कैशलेस चिकित्सा सुविधा के साथ ही उनके मानदेय में ₹1,000 की वृद्धि की गई है। इसके अलावा परिधानों के लिए निर्धारित धनराशि में भी ₹500 की वृद्धि की गई है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में बच्चों को पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने में रसोइयों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनके हितों का संरक्षण विभाग की प्राथमिकता है।
कार्यक्रम का संचालन गणेश शंकर गुप्ता ने किया। समारोह में धीरज प्रताप सिंह, अध्यक्ष राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, संजीव मिश्रा, संजय पांडेय, संदीप शुक्ला, विनय पांडेय, पवन सिंह, दुर्गेश कुमार शुक्ला (एआरपी), मनीषा अवस्थी, प्रभाकर दीक्षित, कार्यालय सहायक विनोद कुमार, सुनील, कुलदीप, महेंद्र एवं पवन पटेल सहित बड़ी संख्या में रसोइया एवं शिक्षक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में रसोइयों के सम्मान, उनके कल्याण और शासन की योजनाओं को पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने के संकल्प के साथ समारोह का समापन हुआ।
