रायबरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रायबरेली में सपेरा समुदाय के परिवारों को बड़ी सौगात देते हुए पात्र लाभार्थियों को आवास की चाबी सौंपी। मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों से संवाद कर सरकारी योजनाओं से मिल रहे लाभ और उनके जीवन में आए बदलाव की जानकारी भी ली। आवास की चाबी मिलने पर लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य समाज के प्रत्येक जरूरतमंद और वंचित वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। इसी दिशा में पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना समेत विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड भी वितरित किए गए। इससे पात्र परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा और गंभीर बीमारी की स्थिति में उपचार का आर्थिक बोझ कम होगा।
इसके साथ ही सपेरा समुदाय के लोगों को विभिन्न परियोजनाओं के लिए अनुदान भी प्रदान किया गया। सरकार की ओर से मिले इस सहयोग से लाभार्थी स्वरोजगार को बढ़ावा देने और अपनी आय में वृद्धि करने की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक बिना किसी भेदभाव के पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि गरीब, वंचित और जरूरतमंद परिवारों के जीवन स्तर में सुधार के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में लाभार्थियों ने आवास, आयुष्मान कार्ड और अन्य योजनाओं का लाभ मिलने पर मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया। सरकार की इस पहल से सपेरा समुदाय के परिवारों में बेहतर भविष्य की उम्मीद जगी है।
