इंद्रराज राजपूत
सिद्धौर, बाराबंकी। जैदपुर विधानसभा क्षेत्र के कस्बा सिद्धौर स्थित श्री सिद्धेश्वर मंदिर में श्रावण मास के चौथे सोमवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भोर से ही मंदिर परिसर में हर-हर महादेव, बम-बम भोले और जय भोले के जयकारे गूंजते रहे। शिवभक्तों ने स्वयंभू बाबा श्री सिद्धेश्वर शिवलिंग का जलाभिषेक कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की।
श्रावण मास के अंतिम सोमवार के अवसर पर सिद्धेश्वर मंदिर में आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालु लंबी कतारों में लगकर भगवान शिव के दर्शन और पूजन के लिए अपनी बारी का इंतजार करते रहे। मंदिर परिसर में पूरे दिन शिवभक्ति का उल्लास दिखाई दिया।
मंदिर प्रशासन के अनुसार, चौथे सोमवार को करीब एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा सिद्धेश्वर का जलाभिषेक कर दर्शन-पूजन किया। देर शाम तक मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से गूंजता रहा।
श्रद्धालुओं की अप्रत्याशित भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और सुगम दर्शन के लिए व्यापक इंतजाम किए। तहसीलदार बालेंद्रु भूषण वर्मा, नायब तहसीलदार सौरभ सिंह, थाना अध्यक्ष अनिल सिंह और चौकी प्रभारी गौरव सिंह अपनी टीम के साथ देर रात से ही मंदिर परिसर में डटे रहे। अधिकारियों ने मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र का भ्रमण कर भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा, जलापूर्ति और पार्किंग व्यवस्था का जायजा लिया।
इस दौरान राजस्व निरीक्षक बांकेलाल, लेखपाल अभिषेक वर्मा, कुलदीप वर्मा, महंत अनिल पुरी, समिति के सत्यनाम सिंह वर्मा, डॉ. राजेंद्र वर्मा, तेज बक्स सिंह, अखिलेश यादव, जितेंद्र वर्मा और रामचंद्र वर्मा सहित समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
