उन्नाव। भगवंतनगर विधानसभा क्षेत्र के कटरी इलाके के दर्जनों गांव इन दिनों जलभराव की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं। लगातार जलभराव के चलते ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित है, वहीं खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका से किसानों की चिंता बढ़ गई है।
क्षेत्र में जलभराव की स्थिति की जानकारी मिलने पर अंकित सिंह परिहार ने प्रभावित गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों और प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा मौके पर जलभराव की स्थिति का जायजा लिया। ग्रामीणों ने जलभराव के कारण आवागमन, खेती और रोजमर्रा की जिंदगी में आ रही परेशानियों से उन्हें अवगत कराया।
अंकित परिहार ने संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क कर कटरी क्षेत्र के हालात की जानकारी दी और प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता एवं राहत उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि जलभराव से प्रभावित लोगों की समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान कराया जाना जरूरी है, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके और किसानों की फसलों को होने वाले नुकसान को कम किया जा सके।
दीवार गिरने से दो लोगों की मौत पर जताया शोक
दौरे के दौरान ग्राम छुलिहा में दीवार गिरने की घटना में स्वर्गीय रघुवीर रावत और उनके युवा पौत्र की दुखद मृत्यु की सूचना मिलने पर अंकित परिहार शोकाकुल परिवार के बीच पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।
उन्होंने कहा कि एक ही परिवार के दो सदस्यों को इस तरह असमय खो देना बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में धैर्य एवं शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।
अंकित परिहार ने कहा कि 166–भगवंतनगर विधानसभा क्षेत्र का हर परिवार उनके लिए अपना परिवार है। सुख-दुख में लोगों के साथ खड़ा रहना और संकट की घड़ी में प्रभावित परिवारों की मदद के लिए आगे आना उनकी जिम्मेदारी है।
क्षेत्रीय ग्रामीणों ने प्रशासन से जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान, प्रभावित परिवारों को राहत एवं क्षतिग्रस्त फसलों का सर्वे कराकर उचित सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
