पाटन, उन्नाव। बीघापुर थाना क्षेत्र के मगरायर गांव स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय को चोरों ने रविवार रात निशाना बना लिया। चोरों ने विद्यालय के अतिरिक्त कक्ष, रसोईघर और कक्षा छह के ताले तोड़कर मिड-डे मील का सामान, 56 इंच का टेलीविजन, यूपीएस और बैटरी समेत अन्य सामग्री पार कर दी। सोमवार सुबह विद्यालय खुलने पर शिक्षकों को चोरी की जानकारी हुई। इंचार्ज शिक्षक ने पुलिस को सूचना देकर थाने में प्रार्थना पत्र दिया है।
उच्च प्राथमिक विद्यालय मगरायर के इंचार्ज शिक्षक धर्मेंद्र कुमार के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे वह विद्यालय पहुंचे। परिसर में पहुंचने पर अतिरिक्त कक्ष, रसोईघर और कक्षा छह के ताले टूटे मिले। कमरों के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। स्थिति देखकर उन्होंने विद्यालय के अन्य शिक्षकों और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी।
जांच करने पर रसोईघर से एक गैस सिलिंडर, ढक्कन सहित तीन भगोने, परात और प्रेशर कुकर समेत मिड-डे मील से संबंधित सामान गायब मिला। इसके अलावा कक्षा छह में रखा 56 इंच का टेलीविजन, यूपीएस और बैटरी भी चोरी हो गई।
विद्यालय में चोरी की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। शिक्षकों ने घटना की जानकारी बीघापुर पुलिस को दी। इंचार्ज शिक्षक ने चोरी हुए सामान का विवरण देते हुए पुलिस से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अश्वनी कुमार मिश्रा ने बताया कि विद्यालय में चोरी के संबंध में प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस चोरी की घटना का खुलासा करने और सामान बरामद करने के प्रयास में जुटी है।
