उन्नाव। बारासगवर थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों से दो किशोरियों के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने के मामले सामने आए हैं। दोनों मामलों में स्वजन की तहरीर पर पुलिस ने नामजद युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर किशोरियों की तलाश शुरू कर दी है।
पहले मामले में थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी किशोरी शनिवार को फार्म डालने के लिए घर से निकली थी। आरोप है कि बक्सर निवासी प्रियांश पासी किशोरी को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। काफी खोजबीन के बाद भी किशोरी का पता नहीं चलने पर स्वजन ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।
दूसरे मामले में एक अन्य किशोरी के अचानक घर से लापता होने की शिकायत उसके पिता ने पुलिस से की। पिता के अनुसार किशोरी घर में रखा मंगलसूत्र, आधार कार्ड और मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गई है। मामले में भैंसई गांव, थाना अचलगंज निवासी रिंकू को नामजद किया गया है।
दोनों घटनाओं की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमे दर्ज किए हैं। पुलिस किशोरियों की तलाश के साथ ही नामजद आरोपितों के संबंध में भी जांच कर रही है।
थानाध्यक्ष धर्मेंद्र नाथ मिश्रा ने बताया कि दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। किशोरियों की तलाश की जा रही है और प्रकरणों की जांच जारी है।
