उन्नाव। बिहार थाना क्षेत्र के सराय मनिहार गांव में आयोजित जलविहार मेले में मोमोज फिंगर की दुकान पर पैसे मांगने को लेकर विवाद हो गया। दुकानदार ने एक युवक पर गाली-गलौज और मारपीट करने के साथ धारदार औजार से हमला करने तथा कड़ाही का गर्म तेल उड़ेलने का आरोप लगाया है। घटना में दुकानदार समेत तीन लोग झुलस गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
मनिकापुर निवासी सचिन सैनी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गुरुवार को वह अपने भाई सूरज सैनी और हेल्पर मोनू अवस्थी के साथ सराय मनिहार गांव में लगे जलविहार मेले में मोमोज फिंगर की दुकान लगाए था। आरोप है कि शाम करीब 5:40 बजे सराय मनिहार निवासी लल्ला सिंह पुत्र फुद्दी सिंह दुकान पर आया और मोमोज फिंगर लिया।
सचिन के मुताबिक, सामान के पैसे मांगने पर लल्ला सिंह ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने सचिन, उसके भाई सूरज और हेल्पर मोनू के साथ मारपीट की। आरोप है कि इसी दौरान धारदार औजार से हमला करने का प्रयास किया गया और कड़ाही में रखा गर्म तेल तीनों पर उड़ेल दिया गया।
गर्म तेल गिरने से सचिन, सूरज और मोनू झुलस गए। घटना के बाद तीनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि घटना की शिकायत करने पर आरोपी की ओर से जान से मारने की धमकी दी गई।
थाना प्रभारी राहुल सिंह गौर ने बताया कि तहरीर के आधार पर बीएनएस की धारा 115(2), 352, 351 और 118 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। झुलसे लोगों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
