बीघापुर, उन्नाव। कोतवाली बीघापुर क्षेत्र की इंदेमऊ चौकी अंतर्गत ग्राम पंचायत भौगईता के मजरे ठगपुरवा में शुक्रवार को एक किशोरी की मौत के बाद उसी गांव के एक किशोर द्वारा जहरीला पदार्थ खाने का मामला सामने आया। किशोर की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे बीघापुर स्थित 100 बेड अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार चल रहा है। घटना के बाद गांव में दोनों के बीच कथित प्रेम-प्रसंग को लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं, हालांकि पुलिस ने ऐसी किसी बात की पुष्टि नहीं की है।
जानकारी के अनुसार ठगपुरवा निवासी गुलजारी लाल लोधी की 17 वर्षीय बेटी गुड़िया देवी ने शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे घर के आंगन में फंदा लगाकर जान दे दी। घटना के समय उसकी मां राजरानी और छोटी बहन अनामिका खेतों में काम करने गई थीं। घर लौटने पर परिजनों को किशोरी के बारे में जानकारी हुई। उसके पिता गुलजारी लाल लोधी और भाई सतेंद्र पुणे में रहकर निजी नौकरी करते हैं।
किशोरी की मौत की जानकारी गांव में फैलने के कुछ समय बाद इसी गांव के अरुण लोधी के 17 वर्षीय बेटे सचिन ने कथित तौर पर घर में जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे बीघापुर के 100 बेड अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार किया जा रहा है।
किशोरी की मौत और किशोर के जहरीला पदार्थ खाने की घटनाओं के बाद ग्रामीणों के बीच दोनों के बीच कथित प्रेम-प्रसंग को लेकर चर्चाएं हैं। ग्रामीणों के अनुसार दोनों के बीच फोन पर बातचीत होने की बात भी सामने आ रही है। हालांकि, दोनों परिवारों की ओर से इस संबंध में कोई पुष्टि नहीं की गई है।
प्रभारी निरीक्षक अश्वनी मिश्रा ने बताया कि किशोरी की मौत और किशोर द्वारा जहरीला पदार्थ खाने की जानकारी पुलिस को है। जांच के दौरान प्रेम-प्रसंग से जुड़ी कोई बात सामने नहीं आई है और न ही किसी पक्ष की ओर से इस संबंध में कोई तहरीर दी गई है। किशोरी के शव का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल में कराया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर ही आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।
