पुरवा, उन्नाव। तहसील क्षेत्र में बैगांव से मंगतखेड़ा को जोड़ने वाली करीब एक किलोमीटर लंबी सड़क लंबे समय से बदहाली का शिकार है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे होने के साथ बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति बन जाती है। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक यह मार्ग क्षेत्र के दर्जनों गांवों को मुख्य मार्ग मंगतखेड़ा से जोड़ता है। इसी रास्ते से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग पुरवा और उन्नाव की ओर आवागमन करते हैं। सड़क पर बने गड्ढों के कारण विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों के लिए परेशानी बढ़ गई है। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे हादसे का खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति को लेकर कई बार संबंधित विभाग से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक मरम्मत की दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों के अनुसार सड़क पर जगह-जगह उखड़ी गिट्टियां और गहरे गड्ढे आवागमन को मुश्किल बना रहे हैं। पैदल राहगीरों को भी इन गड्ढों और जलभराव के बीच रास्ता तय करना पड़ता है।
सड़क के दोनों किनारों पर उगे कंटीले बबूल के पेड़ भी समस्या को बढ़ा रहे हैं। संकरा मार्ग होने के कारण सामने से वाहन आने पर राहगीरों और वाहन चालकों को किनारे होने में परेशानी होती है। ग्रामीणों का आरोप है कि मार्ग से जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का भी आवागमन होता है, इसके बावजूद सड़क की स्थिति में सुधार नहीं हुआ।
क्षेत्र के ऋषभ सिंह, दिनेश गुप्ता, अरविंद गुप्ता, देवेंद्र सिंह, संदीप साहू, कुलदीप भारतीय, सरताज और हेमराज सहित अन्य ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग से सड़क की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने गड्ढों को भरवाने के साथ सड़क के दोनों ओर उगे कंटीले पेड़ों की कटाई कराने की भी मांग की है, ताकि क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
