बैगांव के सरजू देवी माता प्रसाद इंटर कॉलेज के मुख्य मार्ग पर जलभराव और गंदगी से हालात बदतर, जज साहिबा का कार्यक्रम भी बदला
असोहा, उन्नाव। बारिश के बाद असोहा ब्लॉक के बैगांव स्थित सरजू देवी माता प्रसाद इंटर कॉलेज तक पहुंचने वाला मुख्य मार्ग बदहाल हो गया है। सड़क पर घुटनों तक गंदा पानी और कीचड़ जमा होने से छात्र-छात्राओं और विद्यालय स्टाफ को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। रोजाना बच्चों को इसी गंदे पानी के बीच से होकर विद्यालय पहुंचना पड़ रहा है।
विद्यालय के मुख्य मार्ग पर जलभराव के साथ गंदगी और खुले में शौच की समस्या भी बनी हुई है। इससे रास्ते पर दुर्गंध और संक्रमण का खतरा बना हुआ है। विद्यालय प्रशासन का कहना है कि लंबे समय से समस्या के समाधान की मांग की जा रही है, लेकिन अभी तक जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं हो सकी है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य राजकुमार गौतम ने बताया कि रास्ते में पड़े अवरोधों को हटवाने के लिए वर्तमान ग्राम प्रधान से कई बार आग्रह किया गया है। उनका कहना है कि यदि जेसीबी या श्रमिकों की मदद से अवरोध हटाकर पानी की निकासी करा दी जाए तो बच्चों और स्टाफ को काफी राहत मिल सकती है।
प्रधानाचार्य ने पूर्व प्रधान अशोक सिंह के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए बताया कि उस समय विद्यालय के गेट तक इंटरलॉकिंग कराई गई थी, जिससे आवागमन में काफी सुविधा मिली थी। हालांकि, विद्यालय तक पहुंचने वाले मार्ग की जलनिकासी की समस्या का स्थायी समाधान अब तक नहीं हो सका है।
जलभराव का असर विद्यालय में प्रस्तावित महत्वपूर्ण कार्यक्रम पर भी पड़ा। विद्यालय प्रशासन के अनुसार जज साहिबा का कार्यक्रम विद्यालय में प्रस्तावित था, लेकिन रास्ते की खराब स्थिति और जलभराव के कारण वाहन के विद्यालय तक पहुंचने में परेशानी को देखते हुए कार्यक्रम का स्थान बदल दिया गया। अब यह कार्यक्रम चमियानी स्थित जय किसान इंटर कॉलेज में आयोजित किया जाएगा।
विद्यालय प्रशासन और ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों को रोजाना जलभराव और गंदगी के बीच से गुजरना पड़ रहा है। ऐसे में जिम्मेदार विभाग को तत्काल जलनिकासी की व्यवस्था कराने के साथ रास्ते की सफाई और मरम्मत करानी चाहिए, ताकि छात्र-छात्राओं को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
