पाटन, उन्नाव। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ब्लाक बीघापुर की ओर से बुधवार को प्राथमिक विद्यालय घाटमपुर खुर्द में दिवंगत शिक्षक देवेंद्र कुमार दीक्षित की स्मृति में शोक सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी बीघापुर अनीता शाह, शिक्षक संघ के ब्लाक अध्यक्ष विश्वनाथ सिंह, संरक्षक जयशंकर समेत बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत दिवंगत शिक्षक के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इस दौरान शिक्षकों ने उनके व्यक्तित्व और सेवाकाल को याद करते हुए शोक व्यक्त किया तथा परिवार के प्रति संवेदना जताई।
इसके बाद ब्लाक के शिक्षकों के सहयोग से एकत्रित 79,402 रुपये की सहयोग राशि दिवंगत शिक्षक के परिजनों को प्रदान की गई। खंड शिक्षा अधिकारी अनीता शाह के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में शिक्षक उनके आवास पहुंचे और परिजनों को सहयोग राशि सौंपते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
शिक्षकों ने कहा कि दुख की इस घड़ी में विभाग और शिक्षक परिवार दिवंगत शिक्षक के परिजनों के साथ खड़ा है। साथ ही उनके अवशेष देयकों तथा विभागीय पत्रावलियों को तैयार कराने में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया गया।
शोक सभा में राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के ब्लाक अध्यक्ष धीरज प्रताप सिंह, महेंद्र प्रताप सिंह, राजकिशोर, संदीप शुक्ला, अमित, पवन सिंह, रजनीश, राजेंद्र बाबू, विमल दीक्षित समेत सैकड़ों शिक्षक उपस्थित रहे।
