मौरावां, उन्नाव। समाजवादी पार्टी के स्थापना दिवस पर रविवार को हिलौली स्थित नंदेश्वर मंदिर परिसर में पीडीए जन चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सपा नेताओं ने महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। आगामी चुनाव को देखते हुए कार्यकर्ताओं से गांव-गांव संगठन मजबूत करने और बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सपा प्रदेश सचिव त्रिवेणी प्रसाद पाल का पूर्व जिला पंचायत सदस्य ब्रजकिशोर पाल ने माल्यार्पण कर स्वागत किया। त्रिवेणी प्रसाद पाल ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों के कारण आम जनता महंगाई और बेरोजगारी से परेशान है। किसान, नौजवान और व्यापारी समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव पहुंचकर जनता की समस्याओं को उठाने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि पीडीए के अधिकार, सम्मान और हिस्सेदारी की लड़ाई को आगे बढ़ाते हुए कार्यकर्ताओं को पार्टी को मजबूत करने के लिए पूरी ताकत से जुटना होगा।
पूर्व विधायक उदयराज यादव ने महंगाई को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि चीनी की कीमत 45 रुपये किलो से बढ़कर करीब 70 रुपये किलो तक पहुंच गई है। गैस सिलेंडर की कीमत भी 350 रुपये से बढ़कर करीब 900 रुपये हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि ट्यूबवेल का बिल माफ करने की बात कही गई थी, लेकिन किसानों से अब बिल जमा कराया जा रहा है। खाद की कीमत बढ़ने के साथ उसका वजन कम होने से किसानों पर दोहरी मार पड़ रही है।
उदयराज यादव ने कहा कि महंगाई का असर रसोई से लेकर खेत और बाजार तक दिखाई दे रहा है। बेरोजगारी के कारण नौजवान परेशान हैं, जबकि किसान बढ़ती लागत और अपनी उपज के बीच जूझ रहा है।
सपा नेताओं ने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर पार्टी गांव-गांव संघर्ष करेगी। सपा नेता प्रमोद मिश्रा, राजेंद्र लोधी और राजकुमार रावत ने भी भाजपा सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन मजबूत करने की अपील की।
कार्यक्रम का संचालन रामकिशुन लोधी ने किया। इस दौरान कुलदीप यादव, जीतू दीक्षित, टिंकू श्रीवास्तव, नन्हू पाल, रमेश पाल, बुद्धीलाल गौतम, कल्लू लोधी, डॉ. ओमप्रकाश पाल, देशराज पाल, मुंतसिर खान समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
