पाटन, उन्नाव। बीघापुर तहसील क्षेत्र के ग्राम बिहार निवासी वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. गणेश नारायण शुक्ल की पत्नी सुधा (सुशीला) शुक्ला की चतुर्थ मासिक पुण्यतिथि पर मंगलवार को पिंडदान, तर्पण और ब्राह्मण भोज के साथ साहित्यिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार यतींद्र नाथ मिश्र ने की।
कार्यक्रम में सुधा शुक्ला के पुत्र डॉ. आनंदवर्धन, समीक्षा अधिकारी ने बताया कि उनकी माता की साहित्य के प्रति गहरी रुचि थी। उनकी डायरी में अनेक कविताएं और लेख सुरक्षित हैं। इन रचनाओं को संकलित कर प्रकाशित कराने की योजना बनाई जा रही है, ताकि उनकी साहित्यिक अभिरुचि और रचनात्मक कार्य को लोगों तक पहुंचाया जा सके।
डॉ. आनंदवर्धन ने उन्नाव जिले की महिला साहित्यकारों पर तैयार किए जा रहे ग्रंथ की रूपरेखा के संबंध में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जिले की महिला साहित्यकारों के योगदान को एक स्थान पर संकलित करने का प्रयास किया जा रहा है।
साहित्यिक कार्यक्रम में क्षेत्र के साहित्यकारों, पत्रकारों, शिक्षकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सुधा शुक्ला के साहित्यिक योगदान और व्यक्तित्व को याद किया। कार्यक्रम में राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक आनंद मोहन द्विवेदी, वरिष्ठ पत्रकार दिनेश दीक्षित, समाजसेवी चंद्रिका प्रसाद मिश्र, डॉ. अरविंद अवस्थी, पत्रकार संघ अध्यक्ष रज्जन तिवारी, विनोद तिवारी, रविंद्र कुमार मिश्र, रविशंकर मिश्र, मनोज द्विवेदी, सत्येंद्र बहादुर सिंह, दामिनी शुक्ला, अनामिका अवस्थी, गोविंद, अंशुमान शुक्ल, अध्यात्म शुक्ल, शिक्षिका मीनाक्षी, नारायण मिश्र, दिलीप कुमार मिश्र और अमित मिश्र सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
इस दौरान सुहागिन महिलाओं को वस्त्र तथा बच्चों को फल वितरित किए गए। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने सुधा शुक्ला को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी साहित्यिक रुचि और स्मृतियों को याद किया।
