पाटन, उन्नाव। बिहार थाना पुलिस ने पितुवाखेड़ा गांव के पास एक स्कूल के हाते में जुआ खेल रहे आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से जुए में लगी 44,945 रुपये की रकम और आरोपितों की तलाशी से 11,300 रुपये नकद बरामद किए। कुल बरामदगी 56,245 रुपये की बताई गई है। मौके से 52 ताश के पत्ते, छह अधजली मोमबत्तियां, दो माचिस और एक अगौछा भी मिला है।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार देर रात अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान पितुवाखेड़ा गांव के पास स्कूल के हाते में जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस ने वहां आठ लोगों को ताश के पत्तों से हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेलते हुए पकड़ लिया।
गिरफ्तार किए गए लोगों में कृष्ण पाल उर्फ केपी निवासी पितुवाखेड़ा, सुनील सिंह चौहान निवासी गहोबा थाना रूरा कानपुर देहात, अमित सोनी निवासी कुंभरी थाना बारासगवर, मुन्नी लाल निवासी यशवंतखेड़ा, पिन्टू कटियार निवासी भोजपुर थाना सरेनी रायबरेली, राम दयाल उर्फ बब्बू निवासी बाजपेयीखेड़ा, मनोज कुमार निवासी भगवंतनगर गल्लामंडी और इंद्रजीत यादव उर्फ बड़कू निवासी यशवंतखेड़ा शामिल हैं।
पुलिस ने तलाशी के दौरान कृष्ण पाल से 1,800 रुपये, सुनील सिंह चौहान से 1,000 रुपये, अमित सोनी से 3,000 रुपये, मुन्नी लाल से 700 रुपये, पिन्टू कटियार से 1,800 रुपये, राम दयाल उर्फ बब्बू से 1,000 रुपये, मनोज कुमार से 900 रुपये और इंद्रजीत यादव से 1,100 रुपये बरामद किए। इन आठों से बरामद नकदी का कुल योग 11,300 रुपये है।
मामले में बिहार थाना पुलिस ने मु0अ0सं0 304/2026 के तहत धारा 13 जुआ अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार सिंह, मो. अनीस, जय प्रकाश पांडेय, हेड कांस्टेबल प्रेम किशोर अवस्थी, अरविंद सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
