उन्नाव। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बुधवार को उन्नाव में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली गई। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान से शुरू हुई यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों ने भाग लिया। यात्रा का आयोजन ‘सेवा, विकसित भारत और संकल्प भारत’ की थीम पर किया गया।
प्रदेश की उच्च शिक्षा राज्यमंत्री एवं उन्नाव की प्रभारी मंत्री रजनी तिवारी ने मशाल जलाकर यात्रा का शुभारंभ किया। इसके बाद सदर विधायक पंकज गुप्ता मशाल लेकर हजारों कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों के साथ यात्रा में आगे बढ़े।
यात्रा के दौरान शहर के विभिन्न स्थानों पर ढोल-नगाड़ों के साथ कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने को मिला। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर सदर विधायक पंकज गुप्ता और यात्रा में शामिल लोगों का स्वागत किया गया। गुरुद्वारे से गांधी नगर तिराहे तक स्थानीय लोगों ने यात्रा का स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का लाइव प्रसारण भी किया गया। इसके अलावा उनके 25 वर्ष के जनसेवा कार्यकाल से जुड़े कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। कलश पर स्थापित दीप को भी प्रज्वलित किया गया। मशाल की रोशनी के बीच कार्यकर्ताओं ने विकसित भारत के संकल्प के साथ यात्रा को आगे बढ़ाया।
सदर विधायक पंकज गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के जनसेवा काल में देश ने सेवा, सुशासन, विकास और राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढ़ने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि सेवा ज्योति यात्रा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सेवा, राष्ट्रहित और विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान है।
यात्रा में मंडल अध्यक्ष अवनीश गुप्ता, सुरेश शुक्ला, सर्वेश लोधी, बिछिया ब्लॉक प्रमुख नीरज गुप्ता, प्रियंका शुक्ला, अमित त्रिपाठी, सुशील तिवारी, अरुण दीक्षित, बृजेश पांडे और प्रभात सिन्हा समेत बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
