20 वर्षीय विवाहिता की मौत के मामले में बन्थरा पुलिस की कार्रवाई, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
शमशाद सिद्दीकी संवाददाता लखनऊ
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के बन्थरा थाना क्षेत्र में दहेज की मांग को लेकर विवाहिता को प्रताड़ित करने और उसकी हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने पति, ससुर और सास को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों को शुक्रवार, 23 अक्टूबर को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। मामले में नामजद अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, उन्नाव जनपद के हसनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम बाल गोविन्दखेड़ा मजरा रामपुर अखौली निवासी अजय कुमार ने 21 अक्टूबर को बन्थरा थाने में तहरीर देकर अपनी करीब 20 वर्षीय बहन को दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किए जाने और उसकी हत्या किए जाने का आरोप लगाया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त दक्षिणी के निर्देशन में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मैनुअल प्रयासों और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अतुल शर्मा (26), निवासी ग्राम लोनहा, थाना बन्थरा, जो मृतका का पति है; अशोक शर्मा (52), मृतका के ससुर; और नीलम (45), मृतका की सास के रूप में हुई है।
बन्थरा पुलिस ने इस मामले में मुकदमा अपराध संख्या 362/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 80(2), 85, 351(3) तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 में कार्रवाई की है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं।
नोट: मामले में लगाए गए आरोपों की न्यायालय में पुष्टि होना शेष है।
