लखनऊ में युवती की शिकायत पर कार्रवाई, आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 69 में मुकदमा दर्ज
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के बंथरा थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अजीत मौर्या (29) पुत्र मस्तराम मौर्या, निवासी भटगांव, थाना बंथरा, लखनऊ के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की है।
पुलिस के मुताबिक, 21 अक्टूबर 2026 को थाना बंथरा क्षेत्र की एक युवती ने पुलिस को लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि अजीत मौर्या ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। तहरीर के आधार पर बंथरा थाने में मुकदमा संख्या 361/2026, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69 के तहत दर्ज किया गया।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी एवं मैनुअल साक्ष्यों और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से कार्रवाई करते हुए 22 अक्टूबर को उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त लखनऊ तरुण गाबा के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) मो. मुश्ताक के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त रल्लापल्ली वसंथ कुमार के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त कृष्णानगर लक्ष्मण वर्मा के मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक बंथरा राणा राजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गिरफ्तारी की।
पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
