जनता की मदद से पकड़ा गया आरोपी, चोरी के तार के साथ प्लास और चाकू बरामद
लखनऊ। सरोजनीनगर थाना क्षेत्र के न्यू रहीमाबाद में घर में घुसकर वायरिंग के तार चोरी करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी को स्थानीय लोगों की मदद से मौके पर ही पकड़ लिया गया था। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किए गए तार, प्लास और चाकू बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक, 28 अक्टूबर 2026 को न्यू रहीमाबाद निवासी सुभाष गौतम ने थाना सरोजनीनगर में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनके पड़ोस के घर में एक व्यक्ति वायरिंग के तार काटकर चोरी कर रहा था। इस दौरान स्थानीय लोगों की मदद से उसे पकड़ लिया गया और पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी अंकित गौतम (31) पुत्र रज्जन लाल, निवासी ग्राम रहीमाबाद, थाना बिजनौर, लखनऊ के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 408/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
नशे की लत के चलते चोरी करने की बात कबूली
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने नशे का आदी होने और पैसे खत्म होने पर खर्च चलाने के लिए चोरी करने की बात कही। उसने बताया कि वह तार चोरी करने के इरादे से घर में घुसा था, तभी पकड़ा गया।
आरोपी पर पहले से दर्ज हैं चार मुकदमे
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ थाना बिजनौर में वर्ष 2022 से 2024 के बीच आर्म्स एक्ट और चोरी समेत विभिन्न धाराओं में चार मुकदमे दर्ज हैं। सरोजनीनगर में दर्ज ताजा मुकदमे को मिलाकर उसके खिलाफ कुल पांच मुकदमे बताए गए हैं।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त लखनऊ तरुण गाबा के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। पुलिस उपायुक्त दक्षिणी मो. मुश्ताक के निर्देशन और सहायक पुलिस आयुक्त कृष्णानगर लक्ष्मण वर्मा के मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक राजदेव प्रजापति के नेतृत्व वाली टीम ने कार्रवाई की।
