बंथरा पुलिस और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई, दिल्ली से गिरफ्तार किया गया 25 वर्षीय आरोपी
शमशाद सिद्दीकी लखनऊ संवाददाता
लखनऊ। बंथरा थाना पुलिस ने करीब 15 वर्षीय नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर किशोरी को बरामद कर लिया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ की ओर से 25 अक्टूबर को जारी प्रेस नोट के अनुसार, 2 सितंबर 2026 को बंथरा थाना क्षेत्र के निवासी एक व्यक्ति ने अपनी करीब 15 वर्षीय नातिन के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आशंका जताई गई थी कि कोई अज्ञात व्यक्ति किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। तहरीर के आधार पर बंथरा थाने में मुकदमा संख्या 292/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 87 और 137(2) में मुकदमा दर्ज किया गया था।
किशोरी की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) के निर्देशन में दो पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी एवं मैन्युअल साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से तलाश शुरू की। इसी क्रम में किशोरी को बरामद करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 25 वर्षीय मनीष महतो पुत्र अमरनाथ महतो के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर जिले के महुआ थाना क्षेत्र के बिचौली गांव का निवासी है। पुलिस के अनुसार, वह वर्तमान में उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के पहलादपुर बांगर क्षेत्र में रह रहा था।
इस कार्रवाई में बंथरा थाना पुलिस और सर्विलांस दक्षिणी जोन की संयुक्त टीम शामिल रही। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
