166-भगवंतनगर और बैसवारा क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण, अंतरराष्ट्रीय मंच पर सहकारिता और युवाओं से जुड़े मुद्दे रखेंगे
उन्नाव। मध्य अमेरिका के पनामा सिटी में आयोजित होने वाले ICA Global Conference & General Assembly 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए 166-भगवंतनगर क्षेत्र के अंकित सिंह परिहार का चयन भारतीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्य के रूप में हुआ है। विश्व के सबसे बड़े सहकारी संगठन International Cooperative Alliance (ICA) द्वारा आयोजित इस वैश्विक सम्मेलन में वह भारत की सहकारिता व्यवस्था और युवाओं से जुड़े विषयों पर अपने विचार एवं अनुभव साझा करेंगे।
अंकित सिंह परिहार इससे पहले भी विभिन्न अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। इंग्लैंड के वार्विक में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्हें सहकारिता का अंतरराष्ट्रीय ब्रांड एंबेसडर घोषित किया गया था। अब एक बार फिर उन्हें प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की ओर से अपनी बात रखने का अवसर मिला है।
उनकी इस अंतरराष्ट्रीय सहभागिता को भगवंतनगर एवं बैसवारा क्षेत्र के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है। माना जा रहा है कि वैश्विक स्तर पर प्राप्त अनुभवों और अंतरराष्ट्रीय संपर्कों के माध्यम से क्षेत्र के विकास, युवाओं के लिए नए अवसर तथा रोजगार की संभावनाओं को लेकर भविष्य में नए प्रयासों को गति मिल सकती है।
अंकित सिंह परिहार की यह उपलब्धि सहकारिता के क्षेत्र में उनकी सक्रिय भूमिका, नेतृत्व क्षमता और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती पहचान को दर्शाती है। उनके पनामा सिटी सम्मेलन में भारत का प्रतिनिधित्व करने की खबर से क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।
क्षेत्रवासियों ने उनकी इस उपलब्धि को 166-भगवंतनगर और बैसवारा के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए शुभकामनाएं दी हैं।
