30 अक्टूबर से 5 नवंबर तक होगा आयोजन, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
पाटन, उन्नाव। बीघापुर तहसील क्षेत्र के गौरी गांव में 30 अक्टूबर से 5 नवंबर तक आयोजित होने वाली शिवदीप शिव महापुराण कथा को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। आयोजन में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सोमवार को पुलिस अधिकारियों ने कथा स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और पार्किंग की तैयारियों का जायजा लिया।
26 अक्टूबर को पुलिस अधीक्षक उत्तरी आयुष श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी शैलेन्द्र लाल और सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी बीघापुर प्रदीप कुमार ने आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की आवाजाही, वाहनों की पार्किंग, आवागमन के रास्तों और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि कथा आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित रखने और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक इंतजाम समय से पूरे किए जाएं।
पुलिस अधिकारियों ने शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही आयोजन के दौरान सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। पुलिस प्रशासन का जोर इस बात पर है कि कथा में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और पूरा आयोजन सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जा सके।
