मौरावां, उन्नाव। विकासखंड हिलौली की ग्राम पंचायत गुलरिहा में सोमवार को हरितालिका पर्व के अवसर पर पारंपरिक दंगल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में अंतरप्रांतीय और अंतर्जनपदीय पहलवानों ने अखाड़े में दमखम दिखाते हुए एक से बढ़कर एक दांव-पेच लगाए। पहलवानों के रोमांचक मुकाबलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही।

दंगल का फाइनल मुकाबला झीझक, कानपुर के पहलवान रवि और पंजाब के नरेश के बीच हुआ। दोनों पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक-दूसरे को कड़ी चुनौती दी। निर्धारित समय तक मुकाबला बराबरी पर रहने के बाद दोनों पहलवानों को संयुक्त रूप से दंगल केसरी घोषित किया गया। आयोजक ग्राम प्रधान भोले सिंह ने दोनों पहलवानों को 11 हजार रुपये का नगद पुरस्कार प्रदान किया।
कार्यक्रम में पहुंचे विधायक अनिल सिंह का ग्राम प्रधान भोले सिंह ने अंगवस्त्र और प्रतीक चिह्न देकर स्वागत किया। विधायक ने कहा कि दंगल जैसे पारंपरिक खेल ग्रामीण क्षेत्रों की खेल संस्कृति को जीवित रखने के साथ युवाओं को खेलों से जोड़ने का बेहतर माध्यम हैं। ऐसे आयोजनों से युवाओं में खेल भावना और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है।
ब्लॉक प्रमुख दिलीप कुमार दीक्षित ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित होने वाली दंगल प्रतियोगिताएं स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने और आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने आयोजकों की सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने की बात कही।
दंगल प्रतियोगिता का संचालन अरुण प्रताप सिंह ने किया। रेफरी की भूमिका सुंदरलाल यादव, मुन्नू द्विवेदी, बुद्धीलाल और बहादुर ने निभाई। कार्यक्रम के समापन पर हरीश सिंह ने सभी अतिथियों, पहलवानों और ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया।
आयोजन को सफल बनाने में राजू मिश्रा, ऊधम सिंह, शिवेंद्र सिंह, मलखान सिंह, सोनू कुशवाहा, शिव सिंह यादव, बलवंत यादव, अमन सिंह, सौरभ सिंह और ऋषभ सिंह का सहयोग रहा। इस मौके पर असोहा ब्लॉक प्रमुख आनंद गुप्ता, दीपांशू चौधरी, संतोष सिंह, गयाबक्स सिंह, रमेश बाजपेई, पुष्पराज सिंह, हिलौली प्रधानपति महेश सोनी, मंडल अध्यक्ष रामशंकर राजपूत, विजय गुप्ता समेत सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।
