पाटन, उन्नाव। तहसील बीघापुर क्षेत्र के हुलासी खेड़ा नहर पुल स्थित गणेश महोत्सव परिसर में स्थापित गणेश प्रतिमा स्थल पर बुधवार को जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। उत्तर प्रदेश सरकार के मद्यनिषेध विभाग से प्रस्तावित कलाकार नारायण श्रीवास्तव और उनके साथियों ने कठपुतली प्रदर्शन के माध्यम से ग्रामीणों और श्रद्धालुओं को नशामुक्ति, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के प्रति जागरूक किया।
कलाकारों ने कठपुतलियों के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों को रोचक और प्रभावी अंदाज में प्रस्तुत किया। प्रदर्शन के दौरान बताया गया कि नशे की लत व्यक्ति के तन, मन और धन को प्रभावित करने के साथ ही परिवार की खुशियों और सामाजिक जीवन पर भी प्रतिकूल असर डालती है। नशे से होने वाली पारिवारिक और सामाजिक समस्याओं को प्रदर्शित करते हुए लोगों से नशे से दूर रहने की अपील की गई।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से बचाने के लिए अभिभावकों से अपने बच्चों पर ध्यान देने और उन्हें जागरूक करने का आह्वान किया गया। कलाकारों ने नशामुक्त समाज के निर्माण में परिवार और समाज की भूमिका को भी रेखांकित किया।
कठपुतली प्रदर्शन के जरिए बच्चों की शिक्षा को लेकर भी जागरूकता संदेश दिया गया। अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने तथा पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की गई। साथ ही स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, स्वच्छता अपनाने और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने का संदेश दिया गया।
वहीं, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत बेटियों को समान अवसर देने और उनकी शिक्षा को जारी रखने के लिए लोगों को प्रेरित किया गया। कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए पोस्टरों के माध्यम से स्वस्थ, शिक्षित और नशामुक्त समाज का संदेश भी दिया गया।
कठपुतली प्रदर्शन देखने के लिए गणेश महोत्सव परिसर में श्रद्धालुओं और ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही। लोगों ने कार्यक्रम को रुचि के साथ देखा और कलाकारों द्वारा दिए गए जागरूकता संदेशों को सुना।
कार्यक्रम के समापन पर संयोजक सुरेश मिश्रा और वंदना मिश्रा ने कलाकारों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। इसके बाद उन्हें अंगवस्त्र और भगवान गणेश का प्रतीक चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया।
