लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गोमती नगर क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक सनसनीखेज वारदात से हड़कंप मच गया। एक बैंक कर्मचारी ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद वह अपने घर पहुंचा, जहां उसने अपनी बीमार बहन को भी गोली मार दी और फिर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस के मुताबिक, पहली सूचना दोपहर करीब 12:15 बजे गुजारिया चौराहे के पास एक महिला को गोली मारे जाने की मिली। करीब 30 मिनट बाद 12:45 बजे पुलिस को दूसरी सूचना मिली कि गोमती नगर स्थित एक मकान में एक व्यक्ति ने खुद को गोली मार ली है। पुलिस ने दोनों घटनास्थलों के बीच की दूरी करीब 2.5 किलोमीटर बताई है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। स्थानीय लोगों के मुताबिक, आरोपी वारदात के बाद अपने घर पहुंचा और सामान्य व्यवहार करता दिखाई दिया। उसने आसपास के दुकानदारों से बातचीत की और फिर घर के अंदर चला गया। कुछ समय बाद जब लोगों ने दरवाजा खोला तो अंदर आरोपी और उसकी बहन के शव मिले।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी मानस बाजपेयी बैंक में वरिष्ठ सहायक के पद पर कार्यरत था। उसकी पत्नी भी बैंक में मैनेजर के पद पर कार्यरत बताई जा रही है। दोनों के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा था और वे पिछले करीब एक वर्ष से अलग रह रहे थे। मामला फैमिली कोर्ट में भी लंबित बताया गया है।
पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जांच के दौरान आरोपी के कथित WhatsApp स्टेटस की भी जानकारी सामने आई है। इसमें उसने पत्नी पर गंभीर आरोप लगाते हुए घटना की वजह बताने का दावा किया था। हालांकि पुलिस ने अभी तक इस WhatsApp स्टेटस की प्रामाणिकता की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हत्या के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए CCTV फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान तथा अन्य साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है।
