लखनऊ। राजधानी लखनऊ के पुरनिया इलाके में सोमवार को एक निजी कोचिंग संस्थान में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, अलीगंज थाना क्षेत्र स्थित अलीगंज लाइब्रेरी परिसर में संचालित कोचिंग सेंटर में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए। सुरक्षा के मद्देनजर आसपास की इमारतों और दुकानों को खाली कराया गया। मौके पर राहत एवं बचाव कार्य तेजी से चलाया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले का संज्ञान लिया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने और प्रशासनिक स्तर पर पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए।
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी घटनास्थल की स्थिति पर नजर बनाए रखते हुए घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही। वहीं, प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के बाद कुछ ही मिनटों में पूरे परिसर में धुआं फैल गया, जिससे लोगों को बाहर निकलने में कठिनाई हुई।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना में हुए नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
Sorce-pbshab
