समशाद सिद्धिकी
सरोजनी नगर (लखनऊ)।
लखनऊ के सरोजनी नगर क्षेत्र के शांति नगर में हज हाउस और भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के सामने बने 30 मीटर चौड़े कट को NHAI (भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण) द्वारा बंद किए जाने से स्थानीय जनता और व्यापारियों में भारी आक्रोश है। इस कट के बंद होने से क्षेत्र के करीब 25,000 नागरिकों का दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह से इस कट को तत्काल खुलवाने और यहां स्थाई समाधान के रूप में अंडरपास बनाने की मांग की है।
एक दर्जन स्कूलों के बच्चों और महिलाओं को भारी परेशानी
बीते 11 मई (सोमवार) की रात NHAI द्वारा अचानक इस कट को बैरीकेडिंग कर बंद कर दिया गया। कट बंद होने के कारण शांति नगर में स्थित लगभग एक दर्जन विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, उनके अभिभावकों और क्षेत्रीय नागरिकों को आने-जाने में बेहद कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
महिलाओं को सड़क पार करने के लिए अब पहले नादरगंज जाना पड़ता है और फिर वहां से अतिरिक्त किराया और समय खर्च कर वापस लौटना पड़ रहा है। इसके अलावा, भारतीय खेल प्राधिकरण के खिलाड़ियों को भी अभ्यास के लिए आने-जाने में खासी दिक्कतों से जूझना पड़ रहा है।
व्यापार ठप, सैनिक स्कूल से घूमकर आने की मजबूरी
जन विश्वास पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुशील शुक्ला ने मामले की गंभीरता को रेखांकित करते हुए कहा कि इस कट के बंद होने से शांति नगर व्यापार मंडल के व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। शांति नगर, कैलाश विहार, मुरली विहार, केशव नगर, रहीमाबाद, भक्ति खेड़ा, मिश्रा कॉलोनी, गौरी, हाइडिल और दरोगा खेड़ा सहित दर्जनों कॉलोनियों के लोग बरसों से इस कट का उपयोग करते आ रहे थे।
अब लोगों को लखनऊ की तरफ जाने के लिए सैनिक स्कूल तक जाकर लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है, जो व्यावहारिक रूप से संभव नहीं है। इसे लेकर क्षेत्रवासियों में गहरा रोष व्याप्त है।
फुट ओवर ब्रिज मंजूर नहीं, अंडरपास है एकमात्र स्थाई समाधान
श्री शुक्ला ने बताया कि दो दिन पूर्व इस गंभीर समस्या के संदर्भ में उप जिलाधिकारी (SDM) सरोजनी नगर को एक ज्ञापन भी सौंपा गया है। प्रशासन की ओर से वहां फुट ओवर ब्रिज (FOB) बनाने का आश्वासन दिया गया है, जिसे स्थानीय जनता ने नाकाफी बताया है। ग्रामीणों और व्यापारियों का कहना है कि फुट ओवर ब्रिज कोई स्थाई समाधान नहीं है, यहां केवल अंडरपास ही एकमात्र रास्ता है।
विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह से गुहार; चेतावनी भी दी
आज क्षेत्र के सैकड़ों नागरिकों और व्यापारियों ने एकत्रित होकर स्थानीय विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह से इस कट को तत्काल प्रभाव से खुलवाने की अपील की। सुशील शुक्ला ने कहा कि, “25,000 जनता इस समस्या से त्रस्त है। अगर विधायक जी चाहें तो यह कट एक दिन में खुल सकता है और जल्द ही अंडरपास की स्वीकृति भी मिल सकती है। जब तक अंडरपास नहीं बनता, तब तक कट को अस्थाई रूप से खोला जाए।”
इसके साथ ही उन्होंने चेताया कि यदि जनता की इस बेहद जरूरी मांग को अनसुना किया गया और २४ हजार लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित रहा, तो आने वाले समय में इसका राजनीतिक नुकसान भी क्षेत्र के विधायक को उठाना पड़ सकता है।
