- सह – संपादक /सूर्यपाल प्रोटेक
लखनऊ। एमजीआईएमटी, लखनऊ में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के नवप्रवेशी विद्यार्थियों के स्वागत के लिए ‘प्रारम्भ–2027’ ओरिएंटेशन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बी.टेक., डिप्लोमा, बी.एड. एवं डी.फार्मा पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर शिक्षा, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और करियर निर्माण को लेकर विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन, सरस्वती पूजन एवं वैदिक हवन के साथ हुआ। वैदिक मंत्रोच्चारण से पूरा परिसर आध्यात्मिक एवं सकारात्मक वातावरण से सराबोर हो गया। संस्थान के पदाधिकारियों, शिक्षकों, अतिथियों एवं विद्यार्थियों ने हवन में आहुति देकर विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और राष्ट्र की उन्नति की कामना की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के सेवानिवृत्त अपर पुलिस महानिदेशक (आईजी) रमेश्वर दयाल रहे। उनके साथ डॉ. प्रताप सिंह यादव, उत्तर प्रदेश जल निगम के सेवानिवृत्त अधीक्षण अभियंता कालिका प्रसाद, प्रैक्टिसिंग बुद्धिस्ट सोसाइटी (इंडिया) के अध्यक्ष गौतम जयंत, भूमराज एवं तारणाथ आर्य विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में रमेश्वर दयाल ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल रोजगार प्राप्त करना नहीं, बल्कि एक जिम्मेदार, अनुशासित और संवेदनशील नागरिक का निर्माण करना है। उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर कठिन परिश्रम और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
संस्थान के अध्यक्ष सी.एल. शेखर ने कहा कि एमजीआईएमटी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा के साथ संस्कार, चरित्र निर्माण और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। वहीं कार्यकारी निदेशक निहित शेखर ने बदलते वैश्विक परिवेश में नवाचार, अनुसंधान, कौशल विकास और आधुनिक तकनीकों को अपनाने पर जोर दिया।
निदेशक डॉ. जे.पी. श्रीवास्तव ने संस्थान की शैक्षणिक व्यवस्था, प्रशिक्षण, प्लेसमेंट, शोध गतिविधियों और छात्र विकास कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और समयपालन का महत्व बताया।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण इंटरएक्टिव स्टूडेंट सेशन रहा, जिसमें नवप्रवेशी विद्यार्थियों ने प्रशिक्षण, प्लेसमेंट, प्रतियोगी परीक्षाओं, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों और करियर से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे। विशेषज्ञों एवं शिक्षकों ने उनके प्रश्नों का विस्तार से उत्तर देकर उनका मार्गदर्शन किया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी अतिथियों को स्मृति-चिह्न एवं पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मानित किया गया। नवप्रवेशी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ ‘प्रारम्भ–2027’ ओरिएंटेशन कार्यक्रम का सफल समापन हुआ।
