श्रद्धालुओं के चरण धोकर किया सम्मान, विभिन्न स्थानों पर बुलडोजर से पुष्पवर्षा कर हुआ भव्य स्वागत
उन्नाव। विधानसभा क्षेत्र भगवंतनगर के सुविख्यात समाजसेवी एवं पुष्प फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पुष्पेंद्र प्रताप सिंह ने रविवार को ‘श्री रामलला श्रवण कुमार निःशुल्क तीर्थ यात्रा’ के तृतीय चरण के अंतर्गत अयोध्या धाम के लिए श्रद्धालुओं से भरी तीन बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर शहीद-ए-आजम चंद्रशेखर आजाद की जन्मभूमि बदरका स्थित आजाद गेस्ट हाउस में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पहुंचे पुष्पेंद्र प्रताप सिंह का क्षेत्रीय हजारों समर्थकों ने गर्मजोशी से स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान पुष्पेंद्र प्रताप सिंह ने डेढ़ सौ से अधिक श्रद्धालुओं के चरण धोकर, उन्हें माल्यार्पण एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद अचलगंज, सिकंदरपुर कर्ण, मैकूतेली मार्ग, सातन, खरौली, बैदरा, पिपरासर, धानीखेड़ा सहित विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर बुलडोजर से पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का भव्य स्वागत किया गया।
अपने संबोधन में पुष्पेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि उनका पूरा जीवन और सामर्थ्य देशवासियों की सेवा के लिए समर्पित है। उन्होंने तीर्थयात्रियों से भगवान श्रीराम के त्याग, समर्पण और सेवा भावना से प्रेरणा लेने की अपील करते हुए कहा कि वे विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक परिवार के सदस्य की तरह सदैव जरूरतमंदों की सेवा के लिए तत्पर रहेंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रकाश मिश्रा ने की, जबकि संचालन राघवेंद्र सिंह एवं प्रधान इकबाल सिंह ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर बैसवारा कल्याण समिति के अध्यक्ष मुन्ना सिंह अवधूत, महामंत्री हरिओम सिंह, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि प्रकाश सिंह परौरी, प्रमुख पति पवन पासवान, भोले सिंह, ज्ञान सिंह, चंदन सिंह, अतुल त्रिवेदी, वीरेंद्र, अवधेश सिंह, सतीश कुमार बाजपेयी, उत्तम सिंह, विनीत सिंह, अनुज सिंह, विकास मिश्रा, अंकित राठौर, अमित, रीमा सिंह, प्रिया सिंह, तुलिका श्रीवास्तव, सोनी सिंह, सीमा सिंह, रेनू, अनीता, रजनी, माया, जया सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
